
नई दिल्ली। चाणक्यपुरी इलाके के एक पांच सितारा होटल की पार्किंग में नागालैंड की एक युवती से कथित बदसलूकी और उसे जबरन कार में खींचने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती अपने डॉक्टर दोस्त आयुष और उसके दो अन्य दोस्तों के साथ होटल गई थी। शिकायत के मुताबिक, सभी लोग शौचालय से लौट रहे थे, तभी सफेद रंग की मर्सिडीज कार में सवार तीन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवती को जबरन कार में खींचने की कोशिश की गई।
युवती के दोस्तों ने इसका विरोध किया और उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आयुष के दांतों में चोट आई है, जबकि उद्भव और समर्थ के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता ने आरोपियों की कार का पंजीकरण नंबर नोट कर लिया था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों को गिरफ्तार किया। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


