
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई रास्तों पर डायवर्जन लागू किया और जगह-जगह चेकिंग शुरू कर दी। प्रदर्शन स्थल पर करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
सीजेपीा के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका भी शनिवार को दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस हिरासत में ले लिए गए। पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने पहले से योजना बनाकर नेताओं को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें और आंदोलन का नेतृत्व न कर पाएं।पार्टी के मुताबिक, जैसे ही अभिजीत दीपके की फ्लाइट लैंड हुई, दिल्ली पुलिस के अधिकारी विमान के अंदर पहुंच गए। इसके बाद तीनों नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर कहा कि आवेदन 7 अक्टूबर को मिला था, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को प्रस्तावित था। पुलिस ने निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं होने का हवाला दिया। नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।



