उत्तर प्रदेश

पीएम स्वनिधि योजना में यूपी के पांच नगर निकायों का जलवा, गाजियाबाद और वाराणसी को मिला सम्मान

नगर निकाय स्तर पर पांच पुरस्कार प्राप्त हुए


मनस्वी वाणी संवाददाता

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर उत्तर प्रदेश के पांच नगर निकायों को स्वनिधि सम्मान अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ और अलीगढ़ नगर निकायों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश को कुल आठ पुरस्कार मिले हैं, जिनमें तीन राज्य स्तरीय और पांच नगर निकाय स्तरीय अवार्ड शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर निकायों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस दौरान गाजियाबाद नगर निगम और वाराणसी नगर निगम को भी एक ही मंच पर पुरस्कार प्रदान किए गए। गाजियाबाद नगर निगम की ओर से विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पुरस्कार ग्रहण किया, जबकि वाराणसी नगर निगम की ओर से हिमांशु नागपाल ने सम्मान प्राप्त किया। दोनों अधिकारियों ने दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री स्वनिधि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऋण उपलब्ध कराने में दोनों नगर निगमों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। गाजियाबाद में डूडा विभाग के माध्यम से प्रथम किस्त के तहत 13,498 पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराया गया। वहीं, वाराणसी में डूडा विभाग की ओर से 11,571 पथ विक्रेताओं को ऋण दिलाया गया। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को राज्य स्तर पर तीन और नगर निकाय स्तर पर पांच पुरस्कार प्राप्त हुए। नगर निकाय श्रेणी में गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ और अलीगढ़ को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत मिली इस उपलब्धि को प्रदेश में शहरी पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button