
नई दिल्ली:: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जर्मनी दौरे पर बर्लिन में भारतीय समुदाय से मिले। उन्होंने भारत-जर्मनी संबंधों को मजबूत बताते हुए भारतीयों के योगदान की सराहना की। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि और अर्थव्यवस्था के तेजी से बढ़ने का जिक्र किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय जर्मनी के दौरे पर हैं। आज उन्होंने बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने वहां मौजूद भारतीयों के साथ बातचीत की। रक्षा मंत्री ने जर्मनी की अर्थव्यवस्था में भारतीयों के योगदान का भी जिक्र किया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और जर्मनी केवल राजनीतिक और रणनीतिक संबंध ही साझा नहीं करते, बल्कि अपनी कला और संस्कृति को भी बड़े उत्साह के साथ साझा करते हैं। आज जर्मनी यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है। रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत में आज दो हजार से अधिक जर्मन कंपनियां सक्रिय हैं, जो ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, केमिकल, फाइनेंस और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व के नेतृत्व में आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि और प्रभाव सशक्त हुआ है, उन्होंने कहा कि आज भारत सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन चुका है।



