गाजियाबाद

एसीपी उपासना पाण्डेय ने युवाओं को दिया नशामुक्त समाज का संदेश

रामलीला मैदान में चला जागरूकता अभियान, युवाओं से नशे से दूरी और जिम्मेदार जीवन की अपील
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से सोमवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान में ह्यआॅपरेशन प्रहारह्ण के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी उपासना पाण्डेय ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, शिक्षा और सकारात्मक सोच को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे गलत रास्तों से बचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में एसीपी की सक्रिय कार्यशैली देखने को मिली। उन्होंने युवाओं के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की मार्गदर्शक और सहयोगी भी है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही अपराध और नशे जैसी बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
आॅपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के जाल से बचाना और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना है। एसीपी ने बताया कि पुलिस विभाग लगातार स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को भी जागरूक किया गया। एसीपी उपासना पाण्डेय ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को सुरक्षित एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button