पुलिस हिरासत में घायल हुए युवक के मामले में अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

– निवाड़ी गंगनहर से कस्बा पतला तक भारी पुलिस फोर्स तैनात
– घायल युवक की हालत अभी भी बनी हुई है गंभीर
मोदीनगर,संवाददाता।
पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए अमित चौधरी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पिता की तहरीर पर अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पिता का कहना है कि जैसे मेरी बेटे की हालत हुई,आरोपियों की भी ऐसी ही होनी चाहिए। तनाव को देखते हुए निवाड़ी नहर पुल से कस्बा पतला तक पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। कस्बा पतला निवासी अमित चौधरी को सात अप्रैल की रात को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद वह उसे मेडिकल कराने के लिए मुरादनगर सीएचसी ले गई। पुलिस का कहना है कि गाड़ी से उतरते ही अमित कुमार दिल्ली मेरठ मार्ग की और भाग निकला और ट्रक से जा टकराया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया,लेकिन हालत गंभीर होने पर गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को कस्बा पतला के लोगों ने पुलिस पर टार्चर करने का आरोप लगाकर निवाड़ी थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया था।

हंगामा बढ़ता देखकर डीसीपी ग्रामीण ने निवाड़ी थाने में तैनात दरोगा लोकेंद्र सिंह,शाहिद खान,हेड कांस्टेबल सचिन मोहन व कांस्टेबल नरेंद्र को निलंबित कर दिया। अमित की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे वेटिंलेटर पर रखा गया है। पिता सुभाष का कहना है कि जिन पुलिसकर्मियों ने मेरे बेटे के साथ मारपीट की,उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। जैसे मेरे बेटे की हालत हुई,वैसे ही आरोपियों की भी होनी चाहिए। शुक्रवार को कस्बा पतला में महापंचायत होने की चर्चा सोशल मीडिया पर फैल गई। हालांकि हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। इसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और कई थानों की पुलिस फोर्स,पीएसी व क्यूआरटी टीम को निवाड़ी गंगनहर पुल से कस्बा पतला तक तैनात कर दी गई। सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमित के साथ मारपीट करने के मामले में छह पुलिस कर्मियों की भूमिका सामने आ रही है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पिता सुभाष की तहरीर पर अज्ञात पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



