
बीजिंग, । पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी शनिवार आधी रात बाद चीन की आधिकारिक यात्रा पर चांग्शा पहुंचे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रपति व्यापार और अर्थव्यवस्था पर प्रांतीय नेतृत्व के साथ बातचीत के लिए चांग्शा और सान्या का दौरा करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) पर विशेष ध्यान देना है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार,राष्ट्रपति सचिवालय के बयान के अनुसार, जरदारी का चांग्शा में हुनान प्रांतीय पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति के उपाध्यक्ष हु ज़ुशेंग ने स्वागत किया। इस अवसर पर पाकिस्तान में चीन के और चीन में पाकिस्तान के राजदूत भी उपस्थित रहे। सरकारी ब्रॉडकास्टर पाकिस्तान टेलीविजन कॉर्पोरेशन के अनुसार, पंजाब के गवर्नर सरदार सलीम हैदर ने अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति जरदारी को विदाई दी।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति जरदारी 25 से 27 अप्रैल तक हुनान प्रांत के चांग्शा और 28 अप्रैल से 1 मई तक हैनान प्रांत के सान्या का दौरा करेंगे। जरदारी इस दौरान प्रांतीय नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह दौरा पाकिस्तान और चीन के बीच हाई-लेवल बातचीत की पुरानी परंपरा का हिस्सा है और इसका खास महत्व है, क्योंकि दोनों देश इस साल कूटनीतिक रिश्तों की 75वीं सालगिरह मना रहे हैं।



