
एक दिन में हजारों लोगों तक पहुंची मदद
रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, पोषण वितरण और जागरूकता कार्यक्रमों से मानवता की मिसाल
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में शहर के कई प्रमुख स्थानों पर एक साथ रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, महिला जागरूकता कार्यक्रम और टीबी रोगियों के लिए पोषण पोटली वितरण जैसे व्यापक सेवा अभियान आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।
हापुड़ रोड स्थित यूनानी अस्पताल में रोटरी क्लब न्यू गाजियाबाद ग्रेटर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं और सामाजिक कार्यकतार्ओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। वहीं विजय नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसी परिसर में संतोष अस्पताल के चिकित्सकों ने छात्राओं की हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और शुगर की जांच कर नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं। डेंटल वैन के माध्यम से दंत परीक्षण भी किया गया।
विजय नगर स्थित सरकारी टीबी क्लिनिक में टीबी मरीजों को प्रोटीनयुक्त पोषण पोटलियां वितरित की गईं। इस अवसर पर रोटरी के पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जे. के. गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जहां टीबी विभाग की मोबाइल एक्स-रे यूनिट ने संदिग्ध मामलों की जांच की।
राजकीय जिला चिकित्सालय, जीटी रोड में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और रेड क्रॉस के ऐसे प्रयास जिले की रक्त आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रेड क्रॉस के प्रवक्ता मनोज अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा एम. सी. गौड़ ने तैयार की थी। आयोजन में चिकित्सकों, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।
डॉ. सुभाष गुप्ता ने कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सतत आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संगठन के स्वयंसेवक बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। विश्व रेड क्रॉस दिवस पर गाजियाबाद में आयोजित यह महाअभियान इस बात का प्रमाण बना कि जब समाज, प्रशासन, चिकित्सक और स्वयंसेवी संगठन एक साथ आते हैं, तो सेवा का प्रभाव हजारों जीवनों तक पहुंचता है।



