
प्रिंस / गढ़मुक्तेश्वर संवाददाता
- बुलेट मोटरसाइकिल पास में खड़ी मिली
- परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा
सिंभावली, संवाददाता। थाना क्षेत्र के रजापुर गांव के पास नाले में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने हत्या का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय शिवकुमार निवासी गांव करोंजी, थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।

मंगलवार सुबह गांव रजापुर के पास नाले किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। बताया गया कि शव से कुछ दूरी पर एक बुलेट मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी। सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव की पहचान कर मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि शिवकुमार की हत्या की गई है, और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

देखते ही देखते मौके पर आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



