
राशिद अली/ मुरादनगर संवाददातI
- :मुरादनगर पालिका परिषद ने दिए थे शहर के लोगों को नोटिस, एडीएम प्रशासन के आश्वासन पर
- भाकियू टिकैत ने किया धरना खत्म
- :नोटिस को लेकर किसान यूनियन के दो गुट आमने-सामने, दोनों ही गुट बैठे थे धरने पर
मुरादनगर।सरकारी जमीन बताकर कर पर अवैध कब्जे के मामले में नगर पालिका द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद नगर पालिका के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन ने बिगुल बजा दिया। भाकियू टिकैत व चढूनी गुट के पदाधिकारी इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए और दोनों ने अलग-अलग पक्ष लेते हुए धरना प्रदर्शन किया। देर शाम एडीएम प्रशासन के आश्वासन पर धरना खत्म कर दिया गया है। नगर पालिका परिषद ने तहसील प्रशासन से मिली शिकायतों के आधार पर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जा करने के आरोप में कुछ लोगों को नोटिस भेजकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। नोटिस मिलते ही भाकियू टिकैत का एक गुट संबंधित लोगों के समर्थन में नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठ गया और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

वहीं जब इस कार्रवाई की जानकारी किसान यूनियन के दूसरे चढूनी गुट को हुई, तो वह नगर पालिका के समर्थन में आ गया और उसी परिसर में अलग धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और दोनों गुटों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई। शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं भी धरने में शामिल रही। महिलाओं ने भी धरने में शामिल होकर आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद द्वारा जल भराव शुद्ध पानी नाली खड़ंजे जैसी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है । दोपहर में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह और किसान यूनियन पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई तहसील प्रशासन की रिपोर्ट और प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई है तथा संबंधित लोगों से केवल अपने कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना नोटिस का जवाब दिए धरना देना अनावश्यक है और इससे नगर पालिका के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, धरने के दौरान कुछ भड़काऊ भाषणों की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी को भी कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। नोटिस के बाद अगर दस्तावेज नहीं दिखाए गए तो कानूनी रूप से कार्रवाई की जाएगी। वही भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारीयो ने कहा कि मुरादनगर पालिका परिषद ईओ के द्वारा भूमि धारको के निजी नंबरों को सरकारी भूमि बता कर मकान- दुकान व बिल्डिंगों को 7 दिन में खाली करने व खाली न करने पर नगर पालिका परिषद की जेसीबी से तुड़वाने की धमकी देकर अवैध उगाही, नाली खडंंजो तथा जलभराव आदि की समस्याओं को लैकर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौ बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोमवार को मुरादनगर नगर पालिका परिषद कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया। सोमवार की देर शाम एडीएम प्रशासन ने नगर पालिका स्थल पर चल रही धरने पर पहुंचकर भाकियू टिकैत गुट से वार्ता कि इस दौरान एक ज्ञापन सोपा गया। उसके बाद धरना खत्म कर दिया गया।



