मुरादनगर गंग नहर में एनडीआरएफ ने घंटों चलाया सर्च अभियान, डूबे युवक का दो दिन बाद भी नहीं लगा पता

मनस्वी वाणी संवाददाता
मुरादनगर। गंगनहर में 2 दिन पहले डूबे युवक का अभी तक भी कोई सुराग नहीं लग सका। युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर एनडीआरएफ की टीम ने शनि मंदिर घाट से चितौड़ा पुल तक नहर में कई घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। गंग नहर में इस समय पानी का तेज बहाव चल रही है। जिसमें जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है
बता दें कि दिल्ली के शाहदरा निवासी 25 वर्षीय सोनू सोमवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ मुरादनगर गंगनहर में नहाने आया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। इसके बाद स्थानीय स्तर पर काफी तलाश की गई, लेकिन युवक का 2 दिन बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल सका। पुलिस की मांग पर युवक की तलाश के लिए गंग नहर पर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और विशेष उपकरणों के साथ सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने शनि मंदिर घाट से चितौड़ा पुल तक नहर के विभिन्न स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। घंटों की मशक्कत के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला। एसीपी सुनील कुमार का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है। एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में अभियान चला रही है।



