
वाराणसी। काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना से इन दिनों काशी का आसमान रोमांचित होने वाला है। आयोजन के दौरान वायुसेना के करीब 20 फाइटर प्लेन को वाराणसी एयरपोर्ट पर पार्क किया जाएगा।
लड़ाकू विमानों की पार्किंग के लिए एयरपोर्ट पर नए पार्किंग वे (एप्रन) का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। फिलहाल एयरपोर्ट पर 10 पार्किंग वे उपलब्ध हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अगले सप्ताह तक 17 नए पार्किंग बे तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद एयरपोर्ट पर कुल पार्किंग वे की संख्या बढ़कर 27 हो जाएगी।
एयर शो के दौरान विमानों और हेलीकॉप्टरों की बड़ी संख्या को देखते हुए पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा रही है। कुछ विमान और हेलीकॉप्टर प्रयागराज, गाजीपुर और आजमगढ़ में भी पार्क किए जाएंगे।
एयर शो को सफल बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियां तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। आयोजन के दौरान काशी के आसमान में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।



