
नई दिल्ली: सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े मामले में मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु के 7 ठिकानों पर तलाशी ली। इस दौरान एजेंसी ने कई दस्तावेज जब्त किए हैं।
केंद्रीय जांच ब्यूरो यानि सीबीआई ने ‘रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड’ के खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में आज को 7 परिसरों पर तलाशी ली। ये परिसर तीन शहरों मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु स्थित हैं। कंपनी के तत्कालीन सीईओ, सीएफओ और निदेशकों के आवासीय परिसरों पर यह तलाशी की गई। इन्होंने 2015-2017 के दौरान अपनी सेवाएं दीं।
एजेंसी ने बताया कि तलाशी मुंबई में सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की गई। तलाशी के दौरान कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सीबीआई ने पिछले कुछ महीनों में अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह के खिलाफ विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एलआईसी की शिकायतों के आधार पर कथित धोखाधड़ी के सात मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कथित नुकसान की कुल राशि 27,337 करोड़ रुपये बताई गई है।
इन मामलों के दर्ज होने के बाद एजेंसी पिछले कुछ महीनों में 31 स्थानों पर तलाशी अभियान भी चला चुकी है। रिलायंस कम्युनिकेशंस के संयुक्त अध्यक्ष डी. विश्वनाथ और उपाध्यक्ष अनिल कालिया को 20 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।



