रोजगार मेले में दिव्यांगजनों को मिले नियुक्ति पत्र, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया सम्मानित

विजय कॉलेज आॅफ एजुकेशन में आयोजित विशेष रोजगार मेले में 13 दिव्यांगजन चयनितमनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित विजय कॉलेज आॅफ एजुकेशन में आयोजित विशेष रोजगार मेले में गुरुवार को दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेंद्र कश्यप ने चयनित दिव्यांगजनों को नियुक्ति एवं प्रशस्ति प्रमाणपत्र वितरित किए।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने भाग लिया। इस दौरान आॅटोमोबाइल पार्ट्स निर्माण क्षेत्र की स्पार्क मिंडा कंपनी ने भी सहभागिता की। कंपनी के नोएडा स्थित संयंत्रों में चयनित दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में कुल 61 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 13 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन हुआ। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने चयनित 8 दिव्यांगजनों को नियुक्ति एवं प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों में सूरज कुमार, हरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, अभिषेक बच्चन, अशुतोष कुमार सिंह, राहुल पाल, अनिल कुमार एवं अमित कुमार तिवारी शामिल रहे।
अपने संबोधन में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन करें। उन्होंने दिव्यांगजनों को आरक्षण, कल्याणकारी योजनाओं और विभाग द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कहा कि दिव्यांग पेंशन को जल्द ही एक हजार रुपये से बढ़ाकर पंद्रह सौ रुपये किए जाने की दिशा में कार्य चल रहा है। नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने विभाग की दुकान निर्माण योजना सहित अन्य रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में मंत्री ने स्पार्क मिंडा कंपनी द्वारा दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की सराहना करते हुए कंपनी की प्रशंसा की। इस अवसर पर विजय कॉलेज आॅफ एजुकेशन की संचालिका ममता चौधरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, स्पार्क मिंडा टीम का नेतृत्व कर रहीं अंजली, कंपनी के अन्य पदाधिकारी, कॉलेज स्टाफ तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।



