उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद को मिलेगी हरियाली की नई पहचान

मानसून से पहले चलेगा बड़ा पौधारोपण अभियान: विक्रमादित्य सिंह मलिक
मनस्वी वाणी,संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में उद्यान एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर के सौंदर्यीकरण और हरियाली विस्तार को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।
नगर आयुक्त ने साफ कहा कि केवल स्वच्छता ही नहीं, बल्कि शहर की सुंदरता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी नगर निगम की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाए ताकि गाजियाबाद की पहचान एक ह्लग्रीन सिटीह्व के रूप में स्थापित हो सके।
बैठक में मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और उद्यान विभाग की टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने निर्माण और उद्यान विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि संयुक्त प्रयासों से ही शहर को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा सकता है।
बैठक में पार्कों और ग्रीन बेल्ट की देखरेख को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने मालियों की कार्यप्रणाली और उपस्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग के कर्मचारियों को आधुनिक गार्डन मैनेजमेंट की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि पौधों की देखभाल, घास की गुणवत्ता और सौंदर्यीकरण कार्यों में सुधार लाया जा सके।
तेज गर्मी को देखते हुए नगर आयुक्त ने शहर के पेड़-पौधों में नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों में लगी घास, पौधों और वृक्षों की समय-समय पर कटिंग की जाए तथा सूख चुके पौधों को तुरंत बदला जाए। इसके अलावा सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट में जहां भी टूट-फूट या क्षति है, वहां निर्माण विभाग तत्काल मरम्मत कार्य पूरा करे। मानसून से पहले बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान की तैयारी शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि अभी से पौधारोपण स्थलों का चयन कर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश शुरू होते ही व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा सके।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button