गाजियाबाद

मुख्यमंत्री के निर्देशन में गाजियाबाद में हुआ ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’

रक्षा भूमि राइफल रेंज में रोपे गए 50 हजार पौधे
राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक संजीव शर्मा व डीएम रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने स्थापित की हरिशंकरी, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
मनस्वी वाणी संवाददाता

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अंतर्गत शनिवार को गाजियाबाद में जिला प्रशासन एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में विजयनगर स्थित रक्षा भूमि राइफल रेंज परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ह्यसबका साथ, वनों का विकासह्ण एवं ह्यएक पेड़ माँ के नामह्ण थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत कार्यक्रम स्थल पर दो हरिशंकरी की स्थापना के साथ 50 हजार पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में इस वर्ष 10 लाख 22 हजार 300 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आयना डांस एकेडमी की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक संजीव शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ईशा तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एसडीएम अरुण दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्धप्रिय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, स्थानीय पार्षद संतराम यादव, समाजसेवी सुभाष गुप्ता, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सलोनी, क्षेत्रीय वनाधिकारी निमी कुचिया, क्षेत्रीय वनाधिकारी (मोदीनगर) अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि वृक्ष धरती के आभूषण एवं मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। भारतीय परंपरा में पीपल, बरगद और अन्य वृक्षों को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब हम वृक्षों की रक्षा करेंगे, तभी वृक्ष भी हमारे जीवन और पर्यावरण की रक्षा करेंगे। जिलाधिकारी ने यह भी घोषणा की कि वृक्षारोपण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
सदर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि जिस रक्षा भूमि क्षेत्र में आज वृक्षारोपण किया गया है, वहां वर्ष 2025 से पहले अवैध अतिक्रमण, गंदगी और असामाजिक गतिविधियों का बोलबाला था। जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से आज यह क्षेत्र हरित और स्वच्छ वातावरण में बदल चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां लगाए जा रहे हजारों पौधे भविष्य में एक सघन हरित क्षेत्र का रूप लेकर शहर के पर्यावरण को नई दिशा देंगे।
प्रभागीय वनाधिकारी ईशा तिवारी ने बताया कि जनपद गाजियाबाद को इस वर्ष 10,22,300 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है और विभाग निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर दो चरणों में 50 हजार पौधे लगाए गए हैं, जबकि शेष पौधों का रोपण जनपद के 2,100 चिन्हित स्थलों पर किया जाएगा।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button