
नई दिल्ली:: उत्तर प्रदेश को आज एक और आधुनिक एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
उत्तर प्रदेश को आज एक और आधुनिक एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 63 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सेस कंट्रोल्ड इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय लगभग तीन घंटे से घटकर केवल 35 से 45 मिनट रह जाएगा।
यह एक्सप्रेसवे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क को और मजबूत करेगा। उन्नाव के पास गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश, प्रयागराज और पूर्वांचल के बीच आवागमन भी अधिक सुगम हो जाएगा।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से प्रदेश में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसके माध्यम से उद्योग, लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउसिंग, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यात्रियों को जाम से राहत, समय और ईंधन की बचत तथा तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
एक्सप्रेसवे पर केवल चार पहिया और उससे बड़े वाहनों के संचालन की अनुमति होगी। पूरे मार्ग पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम, आधुनिक इंटरचेंज और उन्नत यातायात सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



