
नगर निगम से की तालाब की तत्काल सफाई की मांग
नंदग्राम जलाशय स्थित तालाब में गंदगी और जलभराव से बढ़ी परेशानी, नगर आयुक्त को भेजा पत्र
मनस्वी वाणी संवाददाता
गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के वार्ड-11 में जलभराव और तालाब में फैली गंदगी की समस्या को लेकर भाजपा पार्षद छाया त्यागी ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर नंदग्राम जलाशय स्थित तालाब की तत्काल सफाई कराने तथा आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
पार्षद छाया त्यागी ने अपने पत्र में बताया कि वार्ड-11 नगर निगम का घनी आबादी वाला क्षेत्र है। नंदग्राम जलाशय स्थित तालाब में लंबे समय से गाद, जलभराव और गंदगी जमा होने के कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि तालाब की तत्काल सफाई कराई जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षा जल का उचित संचयन हो सके और क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
पार्षद छाया त्यागी ने कहा कि तालाबों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन और भूजल स्तर बनाए रखने के लिए बेहद आवश्यक है। यदि समय रहते सफाई और रखरखाव नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान समस्या और बढ़ सकती है। क्षेत्रवासियों ने भी नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि तालाब की सफाई होने से न केवल जलभराव की समस्या कम होगी, बल्कि आसपास का वातावरण भी स्वच्छ रहेगा। अब स्थानीय लोगों की नजर नगर निगम की कार्रवाई पर टिकी हुई है।



