गाजियाबाद

एक रंग में रंगे सभी दिव्यांगजन, विशेष रंगोत्सव “फागुन आयो रे” में झलका उत्साह

गाजियाबाद। भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा शनिवार को राजनगर सेक्टर-23 स्थित भागीरथ कैंपस में दिव्यांगजनों के साथ समावेशी होली मिलन उत्सव “फागुन आयो रे” हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों ने रंग-गुलाल और फूलों के साथ होली खेली। फागुन के गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी शानदार बना दिया। कार्यक्रम में श्री नरेंद्र कश्यप, माननीय मंत्री, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, लखनऊ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कैंपस में पहुंचने पर दिव्यांग बच्चियों द्वारा टीका कर उनका भव्य स्वागत किया गया। नरेंद्र कश्यप ने दिव्यांग बच्चों को ग़ुलाल से टीका कर होली की शुभकामनायें दीं और उन्हें उपहार भी भेंट किए।

आयोजन की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने ग्रुप डांस, होली गीत और कविताओं की प्रस्तुति दी। रंगों के इस उत्सव में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप और भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक ने दिव्यांग बच्चों पर पुष्प वर्षा की और बच्चों को होली के गिफ्ट वितरित किये।

मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने सभी को होली की शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में समावेशन की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने इस समावेशी होली मिलन कार्यक्रम के लिए भागीरथ सेवा संस्थान की सराहना की ।

संस्थान के निदेशक श्री अमिताभ सुकुल ने मंत्री जी को दिव्यांगजन के प्रति उदारता और उनके स्वावलंबन हेतु किए जा रहे विभागीय प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी दिव्यांगजन, छात्र -छात्राओं, अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों को होली की शुभकामनायें देते हुई कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button