गाजियाबाद

हाउस टैक्स में वृद्धि के विरोध में उतरा उद्योग व्यापार मंडल

15 दिन में फैसला नहीं हुआ तो होगा जनजागरण अभियान

मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। महानगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा सोमवार को उडुपी कृष्णा रेस्टोरेंट में नगर निगम द्वारा की गई अत्यधिक हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने हाउस टैक्स में लगभग 300 प्रतिशत तक की वृद्धि को अव्यवहारिक और जनविरोधी बताते हुए इसे अधिकतम 10 से 20 प्रतिशत तक सीमित करने की मांग की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन शहर के विकास के पक्ष में है और हाउस टैक्स वृद्धि के सिद्धांत का समर्थन करता है, लेकिन वर्तमान में की गई अत्यधिक वृद्धि आम नागरिकों और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने वाली है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में हस्तक्षेप करने और वृद्धि को तर्कसंगत स्तर तक सीमित कराने की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम की बोर्ड बैठक में महापौर और सभासदों द्वारा वृद्धि को निरस्त किए जाने के बावजूद अधिकारियों द्वारा उसे लागू रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है। उन्होंने नगर आयुक्त के तत्काल स्थानांतरण और हाउस टैक्स निर्धारण से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।
व्यापार मंडल ने प्रशासन और सरकार को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में हाउस टैक्स वृद्धि वापस नहीं ली गई तो संगठन व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगा। साथ ही, नागरिक हितों की रक्षा के लिए आवश्यक होने पर माननीय सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की भी बात कही गई।
व्यापार मंडल ने पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा नागरिक हित में आवाज उठाने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि संगठन शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रेस वार्ता में चेयरमैन ब्रिज मोहन सिंघल, वाइस चेयरमैन के.पी. गुप्ता, अध्यक्ष गोपी चंद, महामंत्री अशोक चावला, कोषाध्यक्ष नरेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन शर्मा सहित अनुराग गर्ग, संजय गर्ग, विकास अग्रवाल, राकेश बबेजा, संजीव मित्तल, सुनील गुप्ता, मनोज गर्ग, विपिन गोयल, पंकज गुप्ता, प्रदीप गर्ग, डॉ. हरीश शर्मा, सुरेश त्यागी, विजय ढींगरा, मुकेश शर्मा और अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button