अपराधगाजियाबाद

नई ऊर्जा व आधुनिक सुविधाओं के साथ क्राइम ब्रांच कार्यालय जनता को समर्पित

पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने किया अत्याधुनिक परिसर का उद्घाटन

मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। लोहिया नगर स्थित स्वाट टीम क्राइम ब्रांच कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर गुरुवार को जनता को समर्पित कर दिया गया। पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने नवनिर्मित परिसर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यालय को नई कार्यसंस्कृति और तकनीक आधारित पुलिसिंग के अनुरूप विकसित किए जाने की जानकारी दी गई।
उद्घाटन समारोह में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय केशव कुमार चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था राज करन नैय्यर, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह, एडीसीपी मसूरी लिपि नगायच सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि वर्ष 1976 में स्थापित यह परिसर लंबे समय से कानून-व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, जिसे अब आधुनिक जरूरतों के अनुसार विकसित किया गया है। नए परिसर में नागरिकों के लिए प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल हेतु आरओ प्लांट, हरित उद्यान और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
परिसर में स्थापित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा भी कराई गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आध्यात्मिक वातावरण पुलिसकर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है और सेवा भाव को मजबूत करता है। पार्क के मध्य भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर परिसर की सौंदर्यात्मक गरिमा को भी बढ़ाया गया है, वहीं बच्चों के लिए क्रीड़ा क्षेत्र भी विकसित किया गया है।

लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के अत्याधुनिक कार्यालयों का भी शुभारंभ
इस अवसर पर लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के अत्याधुनिक कार्यालयों का भी उद्घाटन किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह इकाई सूचना संग्रहण, संभावित खतरों के आकलन और त्वरित कार्रवाई में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही परिसर में विकसित कैफेटेरिया पुलिसकर्मियों और आगंतुकों को स्वच्छ व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएगा।
सभी कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक बनाया जाएगा: पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट के सभी कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़े और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें। क्राइम ब्रांच कार्यालय का यह नया स्वरूप जनकेंद्रित और तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button