अपराधगाजियाबाद

हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पिस्टल से मारी पांच गोली,हालत गंभीर

गोली लगने के बाद वह खुद ही कार चलाकर अस्पताल पहुंचा
– पुलिस ने आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
मोदीनगर,संवाददाता।

दिल्ली मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कलां स्थित होटल के बाहर गुरुवार रात करीब दस बजे  कार सवार हिस्ट्रीशीटर बदमाश  राहुल चौधरी उर्फ कालू पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह खुद ही कार चलाकर अस्पताल पहुंचा। उसके चेहरे,सीने व पेट में पांच गोली लगी है। यह घटना होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मोदीनगर थानाक्षेत्र के गांव बेगामाबाद निवासी राहुल चौधरी उर्फ कालू अपनी पत्नी करिश्मा के साथ गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित आफिसर अपाटमेंट में रहते है। बताया जा रहा है कि राहुल चौधरी का गांव सीकरी कलां निवासी विनय वशिष्ठ से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। विनय वशिष्ठ ने विवाद सुलझाने के लिए राहुल चौधरी को गुरुवार रात को मोदीनगर बुलाया था। वह गुरुवार रात दस बजे दिल्ली मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कलां स्थित स्वागत होटल पर पहुंच गया। राहुल कार में बैठा था। इसी बीच पैदल ही एक युवक आया और खिड़की से राहुल पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग होते ही  होटल पर भगदड़ मच गई। गोली मारने के बाद बदमाश आराम से पैदल ही फरार हो गया। गोली मारने की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

गोली लगने के बाद खुद कार चलाकर पहुंचा अस्पताल :
बदमाश ने पिस्टल से राहुल चौधरी पर कई राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि राहुल के चेहरे,जांघ,जबडे़,सीने व पेट में पांच गोली लगी है। गोली लगने के बाद राहुल चौधरी खुद कार चलाकर तीस किलोमीटर दूर गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में पहुंचे। इसके बाद डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। राहुल चौधरी को आईसीयू में रखा गया और हालत गंभीर बनी हुई है। होश आने पर पुलिस उसके बयान दर्ज करेंगी।
भाई की हत्या करने के मामले में जेल जा चुका है:
राहुल चौधरी मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ मोदीनगर,मुरादनगर ,निवाड़ी सहित अन्य कई थानों पर हत्या,लूट,जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में 18 मुकदमें दर्ज है। अक्टूबर सन 2020 में राहुल चौधरी ने संजयपुरी कॉलोनी में गोली मारकर अपने भाई राजकमल उर्फ पारुल की हत्या कर दी थी। इस मामले में वह बरी हो चुका है। इसके अलावा सितंबर 2025 में जिला पंचायत सदस्य पुत्र व रालोद के जिला उपाध्यक्ष रवि वाल्मीकि को रंगदारी ना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस मामले में वह जेल गया था और दो माह पहले ही जमानत बाहर आया था। पिछले दिनों राहुल चौधरी ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस पर अपने एनकांउटर होने की बात कहीं थी।
मिट्टी खनन पर वर्चस्व को लेकर है विवाद:
मोदीनगर क्षेत्र में बडे़ पैमाने पर मिट्टी खनन होता है। मिट्टी खनन पर वर्चस्व को लेकर कई बार गैंगवार हो चुकी है। सुत्रों के अनुसार  हिस्ट्रीशीटर बदमाश जलवीर पंड़ित व राहुल चौधरी के बीच मिट्टी खनन व अन्य अवैध कामों पर कब्जे को लेकर फायरिंग हो चुकी है। गुरुवार रात राहुल चौधरी पर हुए हमला भी इसका ही नतीजा है।
अधिकारी कथन:
गांव सीकरी कलां स्थित होटल के सामने गोली लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। राहुल चौधरी की पत्नी करिश्मा की तहरीर पर जलबीर पंड़ित,रवि वाल्मीकि निवासी मोदीनगर,प्रीतम सैनी निवासी सीकरी,विनय वशिष्ठ,अरविंद सैनी,अश्वनी चौहान उर्फ आशू निवासी अज्ञात व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की पांच टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
भास्कर वर्मा एसीपी मोदीनगर

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button