
बुलंदशहर {मनस्वी वाणी}कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का 93 वर्ष की आयु में बुधवार को निधन हो गया। उन्हें दिल्ली में अंतिम विदाई दी गई, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बुलंदशहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान शामिल हुए।मोहसिना किदवई को निजामुद्दीन स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी स्वयं उपस्थित रहे। बुलंदशहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान भी राहुल गांधी के साथ मौजूद थे।कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने मोहसिना किदवई के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा और उन्होंने अपनी सादगी व राजनीतिक सफलता से कई पीढ़ियों की महिलाओं को प्रेरित किया।मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी 1932 को बाराबंकी में हुआ था। उन्होंने 1978 के उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद के रूप में कार्य किया। वह दो बार छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य भी चुनी गईं (2004-2010 और 2010-2016)। गांधी परिवार की करीबी रहीं किदवई केंद्र सरकार में मंत्री, हज कमेटी की अध्यक्ष और कांग्रेस महासचिव भी रह चुकी थीं।उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति और केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था।



