गाजियाबाद

सूर्य नगर की बहुमंजिला बिल्डिंग में तड़के लगी आग, 17 लोगों का रेस्क्यू

ई-व्हीकल चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह, बड़ा नुकसान टला
मनस्वी वाणी, संवाददाता

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक बहुमंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में सुबह करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया और बिल्डिंग में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार बेसमेंट में खड़ी एक ई-व्हीकल को चार्जिंग पर लगाया गया था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े सामान और अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण बिल्डिंग की सीढ़ियां पूरी तरह ब्लॉक हो गईं, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके।
हादसे के समय बिल्डिंग में करीब 15 से 17 लोग मौजूद थे। चारों तरफ धुआं भर जाने से लोगों का दम घुटने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने पड़ोसी बिल्डिंग का सहारा लेकर रेस्क्यू अभियान चलाया। सीढ़ी और रस्सियों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग से बेसमेंट में खड़ी दो से तीन गाड़ियां और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आग ऊपरी मंजिलों तक पहुंच सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ई-व्हीकल चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रात में ई-वाहनों को चार्जिंग पर लगाकर न सोएं तथा बेसमेंट में लगे चार्जिंग पॉइंट और वायरिंग की नियमित जांच कराते रहें। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटा है।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button