
अरुण चौधरी भुल्लन बने गाजियाबाद जिला संयोजक
मनस्वी वाणी, संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में नई दिल्ली स्थित 25 तुगलक रोड पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की अध्यक्षता में सहारनपुर मंडल एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देशन में टीम आरएलडी का गठन किया गया, जो प्रदेश भर में संगठन विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने तथा सक्रिय कार्यकतार्ओं की जिम्मेदारियां तय करने का कार्य करेगी।
इस नई टीम में गाजियाबाद के वरिष्ठ कार्यकर्ता अरुण चौधरी भुल्लन को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकतार्ओं में उत्साह का माहौल है। जिला संयोजक बनाए जाने पर अरुण चौधरी भुल्लन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि टीम आरएलडी गांवों और शहरी वार्डों तक संगठन का विस्तार करेगी तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। यह टीम सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के संपर्क और मार्गदर्शन में कार्य करेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, संयोजक पी.के. सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष तिरसपाल मलिक, मंडल अध्यक्ष इंद्रवीर भाटी, सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, अमरीश त्यागी, जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी, अरुण चौधरी भुल्लन, अंकुर त्यागी, सुमन चौधरी, नरेंद्र सिंह, आलोक चौधरी, अमित सहलोत, जयदीप सिंह, गौरव करोठिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


