
यूपी में गूंजा गाजियाबाद का परचम
साहिबाबाद विधानसभा प्रदेश में प्रथम, मुरादनगर छठे और शहर विधानसभा को मिला सातवां स्थान
सरल ऐप पर रिकॉर्ड अपलोडिंग से मिली बड़ी सफलता, महानगर संगठन में उत्साह
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सरल ऐप पर कार्यक्रमों की रिकॉर्ड अपलोडिंग और बूथ स्तर पर प्रभावी आयोजन के आधार पर महानगर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों ने प्रदेश की रैंकिंग में स्थान बनाकर संगठन की सक्रियता का नया उदाहरण पेश किया है।
प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में साहिबाबाद विधानसभा ने पहला स्थान प्राप्त कर गाजियाबाद का नाम पूरे उत्तर प्रदेश में रोशन किया है। वहीं मुरादनगर विधानसभा को छठा और गाजियाबाद शहर विधानसभा को सातवां स्थान मिला है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों का शीर्ष दस में शामिल होना महानगर भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपलब्धि के बाद महानगर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित करने तथा उसकी रिपोर्टिंग को समयबद्ध तरीके से सरल ऐप पर अपलोड करने का परिणाम है।

भाजपा नेताओं ने इस उपलब्धि का श्रेय महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व, संगठन की सुदृढ़ कार्यप्रणाली तथा बूथ स्तर तक सक्रिय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उनका कहना है कि संगठन की टीम भावना और निरंतर जनसंपर्क अभियान के चलते गाजियाबाद महानगर ने प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने का माध्यम है। इसी उद्देश्य को लेकर महानगर के सभी बूथों पर कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकतार्ओं और नागरिकों ने भागीदारी की। इस उपलब्धि पर भाजपा महानगर संगठन ने सभी मंडल अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों, आईटी एवं सोशल मीडिया टीम सहित सभी कार्यकतार्ओं को बधाई देते हुए कहा कि यही संगठनात्मक ऊर्जा आगामी विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी। संगठन ने इसे टीमवर्क, अनुशासन और बूथ सशक्तिकरण का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का विश्वास जताया।
कार्यकर्ता भाई बहनों ने यह सामूहिक शक्ति से स्थान बनाया: मयंक गोयल
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और बूथ स्तर तक सक्रिय टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता भाई-बहनों ने पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य किया, जिसका परिणाम आज प्रदेश स्तर की रैंकिंग में देखने को मिला है। मयंक गोयल ने कहा, कार्यकर्ता भाई-बहनों की सामूहिक शक्ति, संगठन की मजबूत कार्यशैली और टीम भावना के बल पर महानगर भाजपा ने यह गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया है। साहिबाबाद विधानसभा का प्रदेश में प्रथम तथा मुरादनगर और शहर विधानसभा का शीर्ष-10 में स्थान हासिल करना प्रत्येक कार्यकर्ता के अथक परिश्रम का सम्मान है।



