
व्यापारियों के सम्मान और हितों की रक्षा का लिया संकल्प
भामाशाह के आदर्शों को किया नमन
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी ने सोमवार को जिला कार्यालय आरडीसी-4, राजनगर में दानवीर भामाशाह की जयंती ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं ने भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके त्याग, राष्ट्रसेवा और समाजहित में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, उदारता और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अपना सर्वस्व राष्ट्र और समाज के हित में समर्पित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक आदर्श स्थापित किया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारिक वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उसके हितों की रक्षा करना हर सरकार की जिम्मेदारी है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा भविष्य में भी व्यापारिक वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने भामाशाह के बताए आदर्शों पर चलने तथा समाज और व्यापारिक समुदाय के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन एडवोकेट, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट, महानगर महासचिव राजन कश्यप, व्यापार सभा के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी, महानगर अध्यक्ष रजत पोरवाल, यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष इरफान अमानत चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ताहिर हुसैन, सत्य प्रकाश कंसल, महानगर सचिव रोहित ठाकुर, नवीन शर्मा, मुकेश कुमार, अमरीश एडवोकेट, अत्ताउल्लाह खान, रिजवान चौधरी, राहुल रावत तथा कार्यालय प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



