
‘बहु सेवा प्रोजेक्ट’ के साथ वर्ष 2026-27 की शुरूआत, सामाजिक सरोकारों पर रहेगा विशेष फोकस
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। रोटरी क्लब आॅफ गाजियाबाद विकास ने बुधवार को वर्ष 2026-27 के नए सत्र का शुभारंभ सामाजिक सरोकारों से जुड़े ‘बहु सेवा प्रोजेक्ट’ के साथ किया। कार्यक्रम का आयोजन राजनगर स्थित कन्या वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज में किया गया, जहां समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की शुरूआत की गई।
कार्यक्रम के तहत बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, वृक्षारोपण अभियान तथा डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सकों का सम्मान किया गया। इसके अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के उपलक्ष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सम्मानित किया गया। क्लब की ओर से रोटरी की जनकल्याणकारी गतिविधियों को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सहायक गवर्नर रोटेरियन अनुराग अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों अतिथियों ने रोटरी क्लब द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान अनिल गर्ग भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि नए रोटरी वर्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट संचालित किए जाएंगे। समाज के जरूरतमंद वर्ग तक अधिक से अधिक सहायता पहुंचाने के लिए विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से अभियान चलाए जाएंगे।



