
- , पुलिस के मना करने के बावजूद भी नहीं आते बाज
- :अंतिम संस्कार के बाद गंगनहर में नहाने आया व्यक्ति तेज बहाव में बह गया, नहीं लगा पता तलाश जारी
- : तीन माह में 20 से अधिक लोग गंग नहर में डूब कर अपनी जान गवा चुके
मनस्वी वाणी संवाददाता
मुरादनगर। इस समय मुरादनगर गंग नहर जानलेवा साबित हो रही है, जरा सी लापरवाही के चलते ही नहाने वालों की जान चली जाती है जबकि पुलिस ने गंग नहर पर आने वाले लोगों के लिए नहाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है इसके बावजूद भी लोग नहाने से बाज नहीं आते। और अपनी जान गवा बैठे हैं। 3 माह में 20 से अधिक लोग गंग नहर में डूब कर अपनी जान गवा चुके हैं। एक बार फिर दिल्ली में पड़ोसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद दोस्तों के साथ मुरादनगर गंगनहर में नहाने आया व्यक्ति तेज बहाव में बह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका।
दिल्ली के महिपालपुर स्थित डिफेंस एन्क्लेव निवासी 50 वर्षीय सुरेशमान पेशे से चालक थे। बुधवार को वह अपने चार दोस्तों अनिल, अमित, राजकुमार और लक्ष्मीनारायण के साथ निगमबोध घाट पर पड़ोसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। अंतिम संस्कार के बाद लौटते समय शाम करीब चार बजे सभी मुरादनगर गंगनहर पर नहाने के लिए आ गए।नहर में नहाते समय सुरेशमान अचानक गहरे पानी में चले गए। इससे पहले कि उनके साथी उन्हें बाहर निकाल पाते, वह नहर के तेज बहाव में बह गए। साथियों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। गंगनहर में काफी देर तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक सुरेशमान का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि तलाश अभियान जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
एसीपी मसूरी सर्किल सुनील कुमार ने बताया कि व्यक्ति की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम को बुलाने के लिए पत्र लिखा जा रहा है। बता दें कि पुलिस की लाख मना करने के बावजूद भी लोग गंग नहर में इधर-उधर से नहाने के लिए पहुंच जाते हैं और पल भर में ही अपनी जान गवा बैठते हैं। इतना ही नहीं गंग नहर पर पानी की गहराई के बोर्ड भी लगे हैं इसके बावजूद भी लोग गंग नहर में उतर जाते हैं। गंग नहर में लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं।



