रामलीला में नगर निगम से नहीं मिलता सहयोग: अजय बंसल

मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। घंटाघर स्थित श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अजय बंसल ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रामलीला के आयोजन में निगम की ओर से कमेटी को कोई सहयोग नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान भी नगर निगम आवश्यक सहयोग उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। वहीं, शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए इस बार राम बारात का रूट बदलने तक की नौबत आ सकती है।
मनस्वी चैनल पर बातचीत के दौरान अजय बंसल ने कहा कि रामलीला जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में आयोजन से जुड़े मार्गों की स्थिति ठीक होना बेहद जरूरी है। सड़कों की खराब हालत के कारण राम बारात निकालने में परेशानी हो सकती है और हादसों की आशंका भी बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद को भी अवगत कराया गया है। इसके बावजूद यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कमेटी को राम बारात के मार्ग में बदलाव करने पर विचार करना पड़ सकता है।
अजय बंसल के इस बयान के बाद रामलीला आयोजन की व्यवस्थाओं और नगर निगम की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। रामलीला कमेटी की मांग है कि संबंधित मार्गों की मरम्मत कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और राम बारात का आयोजन सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
