
मुरादनगर। HLM कॉलेज में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में क्षय रोग विभाग की टीम ने किया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्यों को टीबी तथा एचआईवी के बारे में विस्तार से जानकारी देकर संवेदीकरण किया गया।

संगोष्ठी में डॉ. अनिल कुमार यादव ने टीबी के लक्षणों, उपचार, बचाव और समय पर जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को टीबी जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर इस अभियान का हिस्सा बनना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आकर टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य में सक्रिय सहयोग दें।
डॉ. यादव ने बताया कि युवा स्वेच्छा से ‘माई भारत वॉलेंटियर’ के रूप में पंजीकरण कर टीबी जागरूकता अभियानों में भाग ले सकते हैं। साथ ही, टीबी रोगियों को भावनात्मक सहयोग प्रदान कर भी इस महा अभियान को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना टीबी उन्मूलन का लक्ष्य पूर्ण नहीं हो सकता।
इस अवसर पर विभाग के डीपीसी राघवेंद्र सिंह चौहान ने एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से टीबी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रस्तुति के बाद डॉ. अनिल कुमार यादव और राघवेंद्र सिंह चौहान ने उपस्थित जनों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय को लेकर जिज्ञासा दिखाई।
कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अनुज अग्रवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि छात्रों में व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना भी उत्पन्न करते हैं। कॉलेज डिप्टी डायरेक्टर डॉ. धीरज शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा जताते हुए जनपद में टीबी जागरूकता के लिए टीबी रन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा।
कार्यक्रम में HLM कॉलेज की ओर से डॉ. मोहित जिंदल, डॉ. पंकज सिंह और डॉ. अनिला दास उपस्थित रहे। वहीं क्षय रोग विभाग की ओर से डीपीटीसी निधि त्रिखा, पीपीएम दीपाली गुप्ता, एसटीएस प्रणेश दुबे और एलटी हिमानी कौशिक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।



