गाजियाबाद

संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

जागरूकता रैली को मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जनपद में विशेष अभियान की शुरूआत बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय नगर से जागरूकता रैली निकालकर की गई। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत आज से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जागरूकता रैली में नगर निगम गाजियाबाद की करीब 100 फॉगिंग मशीनें, 10 स्ट्रिकलर एवं 5 पावर स्प्रेयर मशीनों के माध्यम से सहभागिता की गई। रैली के दौरान लोगों को संचारी रोगों विशेषकर डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी जी.के. मिश्रा ने उपस्थित प्रतिभागियों से अपील करते हुए कहा कि साफ-सफाई बनाए रखें, पानी जमा न होने दें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं। उन्होंने क्या करें और क्या न करेंह्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अभियान में सिविल डिफेंस, पशुपालन विभाग, आईसीडीएस, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग, पीएससी, स्वच्छ भारत मिशन, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। शंभू दयाल इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी रैली में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शिवी अग्रवाल, सहायक मलेरिया अधिकारी नरेन्द्र कुमार सहित डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ के जिला समन्वयक, एनसीडी विंग, मलेरिया विभाग और आईडीएसपी यूनिट के कार्मिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम ने प्रतिभागियों को पौधे देकर सम्मानित किया। वहीं संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने सभी से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button