
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति वर्ष 2025-26 की प्रथम उपसमिति के प्रथम अध्ययन दल की बैठक विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में सभापति मुकेश चौधरी के सभापतित्व में संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति एवं बजट के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत समीक्षा की गई।
संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति से समिति को अवगत कराया। इस दौरान समिति ने विकास कार्यों को और गति देने के साथ ही पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पंचायत, नगर विकास, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, परिवहन, गृह एवं ऊर्जा विभागों के कार्यों और बजट से जुड़े विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई। समिति ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट एवं आवश्यक अभिलेख पूर्ण रूप से तैयार रखें। साथ ही यह भी कहा गया कि विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की विगत वर्षों की प्रगति का विवरण तथ्यों एवं आंकड़ों सहित व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया जाए, ताकि प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, जीडीए उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



