
- आधा दर्जन से अधिक बाइकों को सीज किया
- कई बाइकें के साइलेंसर भी उतरवाए गए
- यातायात सीओ के नेतृत्व में चला अभियान
- प्रिंस / गढ़मुक्तेश्वर संवाददाता
गढ़मुक्तेश्वर, संवाददाता। क्षेत्र में ‘पटाखा बुलेट’ के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में गढ़मुक्तेश्वर में अंबेडकर गेट, एनएच-9 स्थित स्याना चौपला फ्लाईओवर, सरुरपुर, सिंभावली के नीचे ट्रैफिक सीओ राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने अभियान चलाते हुए आधा दर्जन से अधिक बाइकों को सीज किया। इसके अलावा कई बाइकों के चालान किए गए। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान कई बुलेट को रोका गया। इन बुलेट के साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाजें निकल रही थीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यह भारी-भरकम चालान काटा। इस कार्रवाई के संबंध में सीओ राहुल कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में ‘पटाखा बुलेट’ के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और राहगीरों को डराने वाली ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी मॉडिफाइड बाइक या साइलेंसर का इस्तेमाल करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



