
दो घरों को बनाया निशाना, टूटी अलमारियां और बिखरा सामान देख उड़े होश
गढ़मुक्तेश्वर, संवाददाता।बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गन्दूनगला में देर रात बेखौफ चोरों ने दो घरों में घुसकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर अलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नगदी और लाखों के जेवरात समेट ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घरों के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां टूटी हुई थीं। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार पीड़ित रोबिन सिंह के घर को चोरों ने सबसे पहले निशाना बनाया। चोर घर में रखी अलमारी के लॉक तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नगदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने संदीप निवासी ग्राम गन्दूनगला के घर में भी धावा बोल दिया, जहां से करीब एक लाख बीस हजार रुपये की नगदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए गए।वारदात को अंजाम देने के बाद घरों के कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। बेड पर कपड़े, बैग, दस्तावेज और घरेलू सामान फैला मिला। सुबह घरों का नजारा देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पर बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इन्द्रकांत यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासे की मांग की है।


