
33 एकड़ में विकसित होगा विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम, जीडीए ने शासन को भेजा प्रस्ताव
अकादमी, प्रशिक्षण केंद्र और स्पोर्ट्स साइंस सुविधाओं से लैस होगी परियोजना
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) को जल्द ही एक नया क्रिकेट हब मिलने जा रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन में 33 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स हब के निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना को आगे बढ़ाते हुए शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्तावित परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) और जीडीए की संयुक्त भागीदारी में विकसित किया जाएगा।
जीडीए अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना गाजियाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी मजबूती प्रदान करेगी। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि तकनीकी परीक्षण, व्यवहार्यता अध्ययन और कई दौर की चचार्ओं के बाद परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को अनुमोदन के लिए भेजा गया है।
जीडीए द्वारा कराए गए अध्ययन में पाया गया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का अभाव है। गाजियाबाद की दिल्ली से बेहतर कनेक्टिविटी, विकसित होती शहरी संरचना और तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए राजनगर एक्सटेंशन को इस परियोजना के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना गया है। परियोजना को लेकर जीडीए और यूपीसीए के बीच कई दौर की बैठकें हुईं, जिनमें निवेश, संचालन, रखरखाव और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यूपीसीए ने भी इस परियोजना को संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) मॉडल पर विकसित करने के लिए सिद्धांतत: सहमति प्रदान कर दी है।
बोर्ड बैठक में मिली मंजूरी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
बताया गया कि 14 मई को आयोजित जीडीए की 172वीं बोर्ड बैठक में भी इस परियोजना पर विस्तृत चर्चा की गई थी। मेरठ मंडल के मंडलायुक्त एवं जीडीए अध्यक्ष भानुचंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया और आवश्यक संस्तुतियां प्रदान की गईं। इसके बाद प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया।
केवल स्टेडियम नहीं, बनेगा पूर्ण स्पोर्ट्स इकोसिस्टम
प्रस्तावित परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के साथ आधुनिक क्रिकेट अकादमी, प्रशिक्षण केंद्र, फिटनेस सेंटर और स्पोर्ट्स साइंस सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों और खेल विज्ञान आधारित संसाधनों को शामिल करने की योजना है। इससे गाजियाबाद और आसपास के जिलों के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और करियर के अवसर मिल सकेंगे। परियोजना को जीडीए और यूपीसीए की 50-50 प्रतिशत भागीदारी के साथ पीपीपी मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव है।
क्या बोले जीडीए उपाध्यक्ष
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि इस परियोजना के साकार होने से गाजियाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। यह केवल एक क्रिकेट स्टेडियम नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को निखारने वाला आधुनिक स्पोर्ट्स हब होगा। इससे खेल अवसंरचना मजबूत होने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।


