ईंट-भट्ठों में कथित बंधुआ मजदूरी से जुड़े 86 मामलों की सुनवाई करेगा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग 9 जुलाई को हरियाणा के विभिन्न जिलों में ईंट-भट्ठों में कथित बंधुआ मजदूरी से जुड़े 86 मामलों की ऑनलाइन सुनवाई करेगा। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमणियन इस वर्चुअल सुनवाई की अध्यक्षता करेंगे।

आयोग ने कहा है कि संबंधित अधिकारी अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करेंगे। इसमें बंधुआ मजदूरों की पहचान, उन्हें मुक्त कराए जाने और असंगठित श्रमिकों के लिए बनाए गए ई-श्रम पोर्टल पर उनके पंजीकरण की स्थिति शामिल होगी।
सुनवाई के दौरान जिला अधिकारियों द्वारा आयोग की शिकायतों पर की गई कार्रवाई, बंधुआ मजदूरी प्रथा उन्मूलन अधिनियम, 1976 के प्रावधानों के पालन और सर्वोच्च न्यायालय के बंधुआ मुक्ति मोर्चा तथा एशियाड श्रमिक मामलों में दिए गए आदेशों के अनुपालन की भी समीक्षा की जाएगी।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस ऑनलाइन सुनवाई में राज्य के मुख्य सचिव या उनके प्रतिनिधि, श्रम आयुक्त तथा संबंधित सभी जिलाधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।