
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में युवक जेद की हत्या के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी आस मोहम्मद मलिक के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि गत 29 जून 2026 को लोनी क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी जेद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में लोनी बॉर्डर थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था और उसके निधन से परिवार गहरे आर्थिक एवं सामाजिक संकट में आ गया है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मृतक सात भाई-बहनों में था, जिनमें कई बहनों का विवाह हो चुका है। परिवार की जिम्मेदारी जेद पर ही थी। उसकी हत्या के बाद परिजनों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाए, जिससे परिवार का भरण-पोषण हो सके। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करनी चाहिए, ताकि उन्हें इस कठिन समय में राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



