गृह मंत्री अमित शाह ने प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आव्रजन प्रणाली की समीक्षा की

श्री शाह ने सभी हवाई अड्डों पर चरणबद्ध तरीके से स्वचालित एक्स-रे ट्रे रिटर्न प्रणाली लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डों पर भी इस प्रणाली की स्थापना के लिए उपयुक्त मानक तय किए जाएं।
गृह मंत्री अमित शाह ने आज केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू के साथ देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आव्रजन प्रणाली की समीक्षा की।
इस दौरान श्री शाह ने सभी हवाई अड्डों पर चरणबद्ध तरीके से स्वचालित एक्स-रे ट्रे रिटर्न प्रणाली लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डों पर भी इस प्रणाली की स्थापना के लिए उपयुक्त मानक तय किए जाएं।
उन्होंने विकासाधीन 21 हवाई अड्डों और शेष 41 हवाई अड्डों के विकास को यात्री यातायात और नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो के सुरक्षा मानकों के आधार पर प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
श्री शाह ने सभी हवाई अड्डों पर यात्री और विमान यातायात के अनुसार एयरोब्रिज की संख्या तय करने के लिए मानक बनाने को कहा। उन्होंने 16 प्रमुख हवाई अड्डों पर उपलब्ध बैगेज ड्रॉप सुविधा को अधिक यात्री यातायात वाले अन्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों तक भी विस्तारित करने के निर्देश दिए।
गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक सभी राज्यों के मुख्यालयों में विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय संचालित किए जाएं। उन्होंने अगरतला और जेवर हवाई अड्डों पर अधिकृत आव्रजन जांच चौकियों को भी जल्द से जल्द चालू करने के निर्देश दिए।



