
बहन के प्रेम संबंध से नाराज़ भाई ने रेत दिया गला
- वेव सिटी पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का किया खुलासा
गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव के एक खेत से मिली युवती के हत्या की घटना का पुलिस ने 72 घंटे मे सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतका के 24 वर्षीय सगे भाई दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। हत्या आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया आरी का ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने बताया कि यह मामला कथित तौर पर ऑनर किलिंग का है, जिसमें बहन के प्रेम संबंध और शादी की इच्छा से नाराज़ होकर भाई ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। धवल जायसवाल ने आगे बताया कि 23 जुलाई को काजीपुरा गांव के एक खेत मे एक 22 वर्षीय युवती का गला कटा शव मिलने की सूचना पर वेव सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। लगातार 72 घंटे तक चली जांच के बाद टीम ने 26 जुलाई को काजीपुरा स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र से आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन रीमा एक युवक से प्रेम करती थी और उससे शादी करना चाहती थी। वह इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। 22 जुलाई को नोएडा किसी बहाने ऑटो में बैठकर काजीपुरा पहुंचे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में पहले अपनी बहन का गला दबाया और फिर आरी के ब्लेड से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को ज्वार के खेत में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा किया गया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलासा करने वाली टीम को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपए की धनराशि दी गयी है।



