
गाजियाबाद। शास्त्री नगर, ई-ब्लॉक डुप्लैक्स की ‘वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा समिति’ ने नगर निगम गाजियाबाद द्वारा गृह कर (House Tax) में की गई अप्रत्याशित और अव्यावहारिक वृद्धि के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया है। इस वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए समिति ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष आयोजित होने वाला वार्षिक ‘होली मिलन समारोह’ विरोध स्वरूप रद्द कर दिया गया है।
समिति के पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक ई-ब्लॉक में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक नगर निगम इस बढ़े हुए कर को वापस नहीं लेता, तब तक समिति किसी भी प्रकार के उत्सव का आयोजन नहीं करेगी।
विरोध के मुख्य बिंदु:
प्रतीकात्मक विरोध: होली खुशियों और मिलन का पर्व है, लेकिन नगर निगम के इस तानाशाहीपूर्ण निर्णय से स्थानीय निवासियों में भारी निराशा और आक्रोश है, जिसके चलते उत्सव न मनाने का कठिन निर्णय लिया गया है।
समिति के अध्यक्ष ने प्रेस के माध्यम से नगर आयुक्त और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि इस बढ़ी हुई दरों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और इसे वापस लिया जाए। यदि जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो समिति अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी। इस अवसर पर श्री इन्द्र मणी अग्रवाल, नगेन्द्र कुमार सिंह, आर पी शर्मा,डा एच एच डी भारद्वाज, राजेन्द्र शर्मा एवं आर पी वशिष्ठ आदि उपस्थित रहे।
अत्यधिक आर्थिक बोझ: वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद सीमित आय और पेंशन के सहारे जीवन यापन कर रहे बुजुर्गों पर कर का यह अतिरिक्त बोझ डालना सरासर अन्याय है।
सुविधाओं का अभाव: समिति ने आरोप लगाया कि एक तरफ करों में बेतहाशा वृद्धि की जा रही है, वहीं दूसरी ओर शास्त्री नगर क्षेत्र में सड़कों की बदहाली, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।



