
भारत और इसकी वैज्ञानिक गौरव गाथा-2 का ग्रैंड फिनाले 26 अप्रैल को
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। युवाओं में वैज्ञानिक सोच और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता भारत और इसकी वैज्ञानिक गौरव गाथा-2 के ग्रैंड फिनाले की घोषणा कर दी गई है। यूथ यूनिटी फाउंडेशन द्वारा नवयुग मार्केट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के आयोजक विनीत वत्स त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 26 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से चयनित टीमें अपने शोध प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य 16 से 25 वर्ष के युवाओं को भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपराओं से जोड़ते हुए उन्हें आधुनिक वैज्ञानिक चुनौतियों के समाधान के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे अध्याय में देशभर से 168 टीमों के नामांकन प्राप्त हुए हैं, जबकि कुल 296 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। इसमें 19 राज्यों और करीब 110 शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी रही है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दशार्ता है।
ग्रैंड फिनाले में चयनित टीमें वैदिक विज्ञान, गणित, खगोलशास्त्र, चिकित्सा, वास्तुकला, कृषि और पर्यावरण जैसे विविध विषयों पर अपने शोध प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चूग, पूर्व सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। यूथ यूनिटी फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। संस्था विभिन्न प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अनुसंधान और ज्ञान की दिशा में प्रेरित कर रही है। इस अवसर पर भाजपा महानगर मंत्री श्रीराम त्यागी, अंकित, अर्पित सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



