शिक्षा

बीएड प्रवेश परीक्षा: 12 केंद्रों पर दो पालियों में 7,562 अभ्यर्थी रहे उपस्थित

झांसी, । बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा की निगरानी पहली बार एआई आधारित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम के माध्यम से की गई।

नोडल अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में 4406 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3781 उपस्थित रहे, जबकि 625 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में भी 4406 अभ्यर्थियों में 3781 ने परीक्षा दी और 625 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल न होने पाएं । उन्होंने कहा कि नकलविहीन और निष्पक्ष परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, बायोमैट्रिक सत्यापन और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय और रैंप जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। सभी 12 स्टैटिक और छह सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का भ्रमण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 प्रभावी रही तथा फोटोस्टेट की दुकानें बंद रखी गईं।

नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button