
– परिजनों ने पीट पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया
मोदीनगर,संवाददाता।
बहन के पास जाने की बात कहकर घर से निकले सब्जी विक्रेता का शव मोदीपोन पुलिस चौकी के पास पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने पीट पीटकर हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। मोदीनगर पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि मोदीनगर हापुड़ मार्ग पर नगर पालिका परिषद गेट के सामने व मोदीपोन पुलिस चौकी के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया थोड़ी देर में ही शव की शिनाख्त नगर की जगतपुरी कॉलोनी निवासी रणवीर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र मंगू के रूप में हुई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पिता रणवीर सिंह ने बताया कि मंगू सब्जी बेचने का काम करता था। सोमवार सुबह वह अपनी बहन के पास जाने की बात कहकर घर से निकला था,लेकिन वापस नहीं आया। परिजनों ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान है। आशंका जताई जा रही है कि विवाद के बाद मंगू की पीट पीटकर हत्या की गई है। मृतक के परिवार में पत्नी व दो पुत्री है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


