
मोदीनगर,संवाददाता।
गांव डबाना में पानी निकासी ना होने के कारण सड़क पर गंदा पानी भर रहा है। महिलाओं ने मंगलवार को मोदीनगर तहसील पर प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना है कि यदि मांग पूरी ना हुई तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। गांव डबाना निवासी दर्जनों महिला एकत्र होकर मंगलवार को मोदीनगर तहसील पहुंची और उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई। महिला रविंद्री देवी ने बताया कि सांसद निधि से गांव में खडंजा लगा है। खडंजे निर्माण से पहले कई घरों का पानी तालाब की और जाता था। लेकिन अब पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। जिस कारण सड़क पर ही पानी भरा रहता है। सड़क पर पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पानी निकासी का प्रबंध करने को कहा है।



