मुरादनगर

मुरादनगर गंग नहर छोटा हरिद्वार का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

: गंग नहर छोटा हरिद्वार  को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएं: डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़

मनस्वी वाणी संवाददाता

मुरादनगर। जिलाधिकारी  रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने  मुरादनगर  गंग नहर (छोटा हरिद्वार)  का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद मुरादनगर के अधिकारी को निर्देशित किया कि गंग नहर क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सार्वजनिक शौचालय एवं महिला स्नानागार का निर्माण कराने, प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आकर्षक वॉल पेंटिंग और लाइटिंग के माध्यम से क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति पुल अथवा अन्य असुरक्षित स्थानों से गंगा में न कूदे या असुरक्षित गंग नहर के किनारे स्नान न करें, जिससे किसी प्रकार की जनहानि अथवा दुर्घटना की संभावना उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी ने जल पुलिस को भी निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित रूप से पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात अथवा दुर्घटनाजनित स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गंग नहर स्थित मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं से भी क्षेत्र की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।इस दौरान उप जिलाधिकारी मोदीनगर, थाना प्रभारी मुरादनगर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुरादनगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button