मधुबन बापूधाम आवासीय भूखण्ड योजना को अभूतपूर्व जनसमर्थन, 350 भूखण्डों के लिए 42 हजार से अधिक आवेदन

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा मधुबन बापूधाम में प्रारम्भ की गई आवासीय भूखण्ड योजना को नागरिकों से अभूतपूर्व प्रतिसाद प्राप्त हुआ है। योजना में उपलब्ध मात्र 350 आवासीय भूखण्डों के सापेक्ष दिनांक 06 जून 2026 तक कुल 42,511 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो इस योजना की लोकप्रियता तथा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की योजनाओं के प्रति आमजन के गहरे विश्वास को दर्शाता है।
योजना के अंतर्गत 40 वर्गमीटर से 200 वर्गमीटर तक के कुल 350 आवासीय भूखण्ड विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें 200, 150, 120, 115, 112.5, 90, 60 एवं 40 वर्गमीटर आकार के भूखण्ड सम्मिलित हैं। योजना में आवंटन दर ₹35,000 प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है, जो वर्तमान बाजार मूल्य की तुलना में अत्यंत प्रतिस्पर्धी एवं आमजन के लिए आकर्षक है।
उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा लंबे अंतराल के बाद इस प्रकार की आवासीय भूखण्ड योजना प्रारम्भ की गई है। यही कारण है कि प्रदेश सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में लोगों ने योजना में रुचि दिखाई है। योजना की विशेष अवस्थिति, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, विकसित आधारभूत सुविधाएं तथा प्राधिकरण की विश्वसनीयता ने इसे अत्यधिक लोकप्रिय बनाया है।
योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ होने के पश्चात नागरिकों की भारी मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 04 जून 2026 किया गया था, जिससे अधिकाधिक इच्छुक आवेदकों को अवसर प्राप्त हो सके। विस्तारित अवधि के दौरान भी आवेदनकर्ताओं का उत्साह लगातार बना रहा।
प्राप्त आवेदनों के साथ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को अब तक लगभग ₹1,334.40 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। यह राशि योजना के प्रति नागरिकों के असाधारण विश्वास तथा निवेशकों एवं गृहस्वामित्व की इच्छा रखने वाले परिवारों के उत्साह का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
मधुबन बापूधाम योजना की प्रमुख विशेषताओं में आरआरटीएस एवं रेलवे स्टेशन के निकट अवस्थिति, एनएच-58 एवं हापुड़ रोड से उत्कृष्ट संपर्क, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सुगम पहुंच, 24×7 जलापूर्ति की व्यवस्था तथा विकसित सामाजिक एवं सार्वजनिक अवसंरचना शामिल हैं। इन सुविधाओं के कारण यह योजना आवासीय निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक विकल्प बनकर उभरी है।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, ने नागरिकों द्वारा प्रदर्शित विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राधिकरण भविष्य में भी जनहित को केंद्र में रखकर गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती आवासीय योजनाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मधुबन बापूधाम योजना को प्राप्त अभूतपूर्व प्रतिसाद यह दर्शाता है कि नागरिक नियोजित एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास की अवधारणा पर भरोसा रखते हैं तथा प्राधिकरण की योजनाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं।



