
सदस्यता अभियान और 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करने की मांग पर हुई समीक्षा
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सोमवार को जिला महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे पोस्टकार्ड एवं हस्ताक्षर अभियान की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में गाजियाबाद की जिला पर्यवेक्षक डॉ. रत्ना पाण्डेय ने पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार होता है और महिला कार्यकतार्ओं की सक्रिय भागीदारी पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
जिला अध्यक्ष डॉली त्यागी ने कहा कि महिला कांग्रेस जिले में संगठन विस्तार के साथ-साथ महिलाओं के अधिकारों और उनकी राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर चल रहे पोस्टकार्ड और हस्ताक्षर अभियान को और तेज किया जाएगा। बैठक में महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को और मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जनसंपर्क बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में तय किया गया कि पार्टी की नीतियों और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिलेभर में लगातार अभियान चलाए जाएंगे।



