गाजियाबाद

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशिक्षु आरक्षियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह ने 200 आरक्षियों से किया संवाद, नियमों और अनुशासन का पढ़ाया पाठ
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में मंगलवार को 47वीं वाहिनी पीएसी परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण कुमार सिंह ने यातायात पुलिस का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 200 प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद कर उन्हें यातायात प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण सत्र में एडीसीपी ट्रैफिक ने आरक्षियों को यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली, नियमों, अनुशासन और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस केवल नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क पर आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना भी उसकी प्रमुख जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को कमिश्नरेट गाजियाबाद की यातायात व्यवस्था से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों की जानकारी देते हुए बताया कि महानगर में बढ़ते वाहनों का दबाव, जाम की समस्या और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेष सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए व्यवहारिक सुझाव भी दिए। एडीसीपी वरुण कुमार सिंह ने आरक्षियों से ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संयम और आमजन के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की कार्यशैली से ही पुलिस की छवि बनती है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को ईमानदारी, निष्पक्षता और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आरक्षियों ने भी यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और भविष्य में बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से प्रशिक्षु आरक्षियों की कार्यकुशलता बढ़ेगी और उन्हें फील्ड में बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता मिलेगी।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button