
1.50 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य की शुरूआत, उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने नागरिकों से संरक्षण का लिया संकल्प
मनस्वी वाणी संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अपनी विभिन्न योजनाओं एवं हरित क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान की शुरूआत की। अभियान का शुभारंभ जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल (आईएएस) ने मधुबन बापूधाम योजना के पॉकेट-बी स्थित अमृत वन वाटिका पार्क में हरि संकरी प्रजाति के पीपल, बरगद और पिलखन के पौधे रोपित कर किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक नागरिक से कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जीडीए के सचिव विवेक कुमार मिश्र, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार सिंह, योगेश पटेल, अजीत कुमार बघाड़िया, राजकुमार वर्मा, उद्यान निरीक्षक संजीव कुमार सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मधुबन बापूधाम योजना के निवासी, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर अभियान में भागीदारी निभाई।
जीडीए को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.50 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत प्राधिकरण अपनी विभिन्न आवासीय योजनाओं, पार्कों, हरित पट्टियों और अन्य उपयुक्त स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण अभियान संचालित करेगा। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा सामाजिक दायित्व है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो शहर को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।



